आपका सामाजिक व्यक्तित्व
अंक शास्त्र के आधार पर एक विश्लेषण
कुछ व्यक्तियों का सामाजिक व्यवहार हमें बरबस अपनी ओर आकर्षित करता है/ कुछ लोग बस स्वयं में सिमटे सिकुचे से रहते हैं/ कुछ लोगों की सामाजिक छवि अधिक मुखर होती है और कुछ सामने वाले व्यक्ति को प्रभावित कर ही नहीं पाते; लोग उनको देख कर भी अनदेखा कर देते है/
स्वयं को व अपने संगी साथियों को जानने की जिज्ञासा की तुष्टि हम ज्योतिष की कई विधाओं के माध्यम से करते हैं/ इन्ही विधाओं में तेज़ गति से लोकप्रियता की ओर अग्रसर हो रही एक विधा हैं अंक ज्योतिष, जो जीवन के विभिन्न पहलुओं पर प्रकाश डालती है और हमारा मार्ग दर्शन करती है/
आईये अंकशास्त्र के आधार पर एक झलक पाएं कि ग्रहीय अंक १से ९ के अंतर्गत जन्मे प्राणियों का सामाजिक व्यक्तित्व व् सामाजिक व्यवहार कैसा होता है/ कैसे सामाजिक प्राणी हैं वे/
अंक 1
ग्रहीय अंक १ के स्वामी का बौद्धिक स्तर, तर्क शक्ति व् प्रबंधन योग्यता अव्वल दर्ज़े की होती है/ उनमें नेतृत्व की व् सामाजिक सरोकार की प्रवृति जन्म जात ही रहती है/ वे अपने सामाजिक दायरे में एक विशिष्ट पहचान बना पाते है / उदार हृदय होने के कारण, ज़रूरतमंदों की सहायता करने को व् मित्रों का मार्ग दर्शन करने के लिए सदैव आगे रहते हैं/ लोग उनकी बातों से प्रभावित रहते है, परन्तु कई बार कुछ विरोधी तत्व, ईर्ष्यावश उनकी सामाजिक छवि धूमिल करने की कोशिश करते हैं/
अंक २
ग्रहीय अंक २ के स्वामी सर्वगुण सम्पन्न होते है/ सामंजस्य की क्षमता व् स्थिति के अनुसार खुद को ढालने की प्रवृति के कारण, उनके मित्रों की संख्या अधिक होती है/ उन्हें सब के साथ मेलजोल रखना अच्छा लगता है/ सामाजिक स्तर पर लोकप्रियता भी मिलती है; परन्तु कई बार लोग उनको अपनी स्वार्थ सिद्धि के लिए उपयोग करते हैं/
अंक ३
ग्रहीय ३ के स्वामी का मानसिक स्तर उम्दा होता है/ शैक्षणिक, सामाजिक व् रचनात्मक गतिविधियों के प्रति उनका रुझान अधिक रहता है व् वे सबको साथ ले कर चलना पसंद करते हैं/ पारिवारिक और सामाजिक दायित्व बखूबी निभा पाने के कारण, उनकी लोकप्रियता बढ़ती है/ लोग उनके प्रति सम्मान व् स्नेह की भावना रखते है/
अंक 4
ग्रहीय अंक ४ के स्वामी को उनका मौलिक चिंतन, गणनात्मक क्षमता, तर्क शक्ति व् प्रबंधन योग्यता एक विशिष्ट पहचान देते है/ नेतृत्व की प्रवृति के कारण, वे स्वेच्छा से सामाजिक दायित्व भी निभा लेते हैं/ परन्तु उनकी विवाद , तर्क वितर्क की आदत के कारण कुछ लोग उन से दूरी बनाये रखना पसंद करते हैं/ जो उनके मन में हो, वही ज़ुबान पर रहता है, इस कारण कई बार उन्हें अपयश भी मिलता है/
अंक ५
ग्रहीय अंक ५ के स्वामी स्वतन्त्र निर्णय लेने में सक्षम होते है व् आत्मनिर्भर रहते हैं / अपनी प्रबंधन क्षमता,गणनात्मक प्रवृति का उपयोग करते हुए, वे मित्र मंडली का मार्ग दर्शन करने में हिचकिचाते नहीं/ उन्हें स्थिति का पूर्वाभास होता है /पारिवारिक व सामाजिक दायित्व निभाने के लिए स्वेच्छा से आगे रहते है, इसलिए सामाजिक स्तर पर उनकी स्थिति सुखद रहती है/
अंक ६
ग्रहीय अंक ६ के स्वामी का चुंबकीय व्यक्तित्व उन्हें सब के आकर्षण का केंद्र बनाये रखता है/ उनका सौंदर्य बोध, सलीके से रहने की आदत और सामाजिक मेलमिलाप, आमोद प्रमोद के प्रति उनका रुझान उन्हें लोकप्रियता देते है/ सामाजिक दायित्व भी बखूबी निभा पाते हैं/
अंक ७
ग्रहीय अंक ७ के स्वामी में सौंदर्य बोध, सामंजस्य की प्रवृति व् सामजिक व पारिवारिक दायित्व के प्रति रुझान अधिक होता है/ सर्वगुण सम्पन्न होने के कारण सामाजिक स्तर पर लोकप्रिय रहते है/ परिवार व मित्रों के साथ समय बिताना व मेहमानों नवाज़ी करना पसंद करते है; परन्तु हर किसी से अपने मन की बात नहीं करते /
अंक ८
ग्रहीय अंक ८ के स्वामी दृढ निश्चयी होते हैं/ स्वतंत्र रूप से निर्णय ले पाते हैं/ कभी कभी अहम के टकराव के कारण व् अपनी ज़िद पर अड़ने की वजह से अप्रिय स्थिति में पहुँच जाते है/ सामाजिक क्षेत्र में अधिक लोकप्रिय नहीं होते / अगर आप उनसे सहायता की उम्मीद करते है, तो वे निश्चित रूप से आपकी उम्मीद पर खरे उतरते हैं/
अंक ९
ग्रहीय अंक ९ के स्वामी का व्यक्तित्व बहुत गहरा होता है/ उन में आत्म निर्णय लेने व् उस पर कायम रहने की क्षमता होती है/ वे शीघ्रता से हर किसी से घुलते मिलते नहीं, परन्तु रिश्तों की गहराई में यकीन रखते है/ धार्मिक प्रवृति उनमें मुखरित रहती है व् सामाजिक सरोकार की गतिविधियों में भी सक्रिय /रहते है/ आप उन से सहायता की अपेक्षा कर सकते है/